गर्भवती मां-बेटी की डूबकर मौत, दूसरी बेटी ने तैरकर बचाई जान

पत्थलगांव। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बालाझर स्थित घोघरा डैम में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां डैम में नहाने गई गर्भवती मां और उसकी मासूम बेटी की डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी ने तैरकर किसी तरह अपनी जान बचा ली।मिली जानकारी के अनुसार सुकानती तिग्गा (35 वर्ष) अपनी बेटियों के साथ डैम में नहाने पहुंची थी। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से मां और दोनों बच्चियां डूबने लगीं। हादसे के दौरान 8 वर्षीय मिनाक्षी की भी पानी में डूबने से मौत हो गई।अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संघर्ष के बीच एक बेटी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रही।

बाहर निकलते ही उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से डैम में तलाश अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद गर्भवती महिला और उसकी बेटी के शव को पानी से बाहर निकाला गया।मां-बेटी की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पत्थलगांव पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *