
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दुष्कर्म की शिकार हुई 18 वर्षीय मूकबधिर युवती की मौत ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। मामले में अब कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पोस्टमार्टम के दौरान युवती के शरीर से संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता को घटना के बाद 3 अप्रैल को जशपुर स्थित सखी सेंटर में रखा गया था, जहां उसकी देखरेख एवं उपचार की व्यवस्था की जा रही थी। 19 मई को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर सखी सेंटर के कर्मचारी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जशपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि युवती को 12 मई को पेट दर्द की शिकायत के बाद सखी सेंटर से जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में उपचार एवं दवा देने के बाद उसकी स्थिति में सुधार होने पर वापस सखी सेंटर भेज दिया गया था। इसके बाद 19 मई को उसकी तबीयत पुनः गंभीर रूप से बिगड़ गई।सीएमएचओ के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान युवती के शरीर से सेफ्टी पिन एवं कॉर्क (कॉक) के कुछ हिस्सों जैसी संदिग्ध वस्तुएं मिली हैं। इन वस्तुओं को विस्तृत परीक्षण के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि सखी सेंटर में युवती की नियमित देखभाल की जा रही थी तथा समय-समय पर जिला अस्पताल में उसका उपचार भी कराया गया। 12 मई को उपचार के बाद उसे वापस सखी सेंटर लाया गया था। 19 मई को तबीयत बिगड़ने पर दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे घटनाक्रम और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।पुलिस के अनुसार, मूकबधिर युवती की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। वहीं दुष्कर्म के आरोपी को 4 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

