
जशपुरनगर। नगरपालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 8 एवं 14 के उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वार्डों में जीत दर्ज की है। वार्ड क्रमांक 8 से भाजपा प्रत्याशी प्रेमलता साहू ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्याशी को 167 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया, वहीं वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा प्रत्याशी प्रिया सिंह ने 90 मतों से विजय प्राप्त कर भाजपा का परचम लहराया। दोनों वार्डों में मिली जीत को भाजपा नेताओं ने विकास, सुशासन और जनता के अटूट विश्वास की जीत बताया है।

परिणाम घोषित होते ही मतगणना स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। पूरा परिसर “जय जूदेव” के नारों से गूंज उठा। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रणजीता स्टेडियम के समीप स्थित स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।इसके पश्चात विजयी प्रत्याशियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, विधायक रायमुनि भगत तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर नेताओं ने कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे भाजपा की नीतियों, संगठन की एकजुटता और जनविश्वास की जीत बताया।पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि जशपुर की जनता ने एक बार फिर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों पर अपना भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा कि उप चुनाव के परिणाम स्पष्ट संदेश देते हैं कि जनता विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। यह जीत भाजपा सरकार के कार्यों पर जनता की मुहर है तथा आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नगरपालिका क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

जनता ने इन्हीं कार्यों पर विश्वास जताते हुए भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास का सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करती है और यही कारण है कि जनता लगातार भाजपा के साथ खड़ी है। श्री राय ने कहा कि यह विजय विकास, जनसेवा और संगठनात्मक समर्पण की जीत है।

उल्लेखनीय है कि उप चुनाव के दौरान भाजपा संगठन ने बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया था। चुनाव परिणाम के बाद पूरे नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय उत्सव मनाया और इसे विकास, सुशासन तथा जनता के विश्वास की जीत बताया।इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि उप चुनाव में मिली यह जीत संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

