
पत्थलगांव। पेट्रोल-डीजल की किल्लत, खाद की कालाबाजारी तथा लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर किसानों के समर्थन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार को पत्थलगांव मंडी परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों एवं आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक राम पुकार सिंह ने कहा कि प्रदेश में किसान, मजदूर और आम जनता महंगाई से त्रस्त है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से खेती-किसानी का खर्च बढ़ गया है, वहीं खाद की किल्लत और कालाबाजारी ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।प्रदेश महामंत्री आरती सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर आम जनता को राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खाद उपलब्ध नहीं होने से किसान परेशान हैं और कालाबाजारी के कारण उन्हें अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।

जिला उपाध्यक्ष हरगोविंद अग्रवाल ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। घरेलू जरूरतों की वस्तुओं से लेकर ईंधन तक की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

जिला महामंत्री हंसराज अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में खाद वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पाने से खेती प्रभावित हो रही है। वहीं प्रदेश सचिव मनोज तिवारी ने सरकार पर किसानों और युवाओं के साथ छलावा करने का आरोप लगाया।धरना प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष अंकित शर्मा, जिला महामंत्री विजय भास्कर शर्मा, ब्लॉक उपाध्यक्ष रघु यादव, ब्लॉक महामंत्री खिती खुटिया, रवि यादव, अजीताभ कुजूर, सोन साय खलखो, पार्षद रितु टोप्पो, जनार्दन पंकज, अशोक गुप्ता, निजामुद्दीन खान, रोशन मोटवानी, शिवकुमार नामदेव, अनमोल भगत, पूनम अम्बष्ट, मोहित यादव, मेघनंद, नीतू कुर्रे, बुधनाथ कुजूर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर उपस्थित तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने, खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
