हड़िया पिलाकर मां की गोद से 1 माह का बच्चा लेकर फरार हुई महिला गिरफ्तार

नीरज गुप्ता संपादक मो न-9340278996

जशपुर। जशपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सभी को हैरान कर दिया। इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे एक पहाड़ी कोरवा परिवार का महज 1 माह का मासूम बच्चा झाड़-फूंक के नाम पर एक महिला अपने साथ लेकर फरार हो गई। हालांकि सिटी कोतवाली पुलिस की तत्परता से बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।जानकारी के अनुसार बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ निवासी एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे के इलाज के लिए जिला अस्पताल जशपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई। महिला ने बच्चे को झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा देकर परिवार का विश्वास जीत लिया और उन्हें जशपुर बस स्टैंड तक अपने साथ ले गई।बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने पहले परिजनों को हड़िया पिलाई और बाद में एक होटल में भोजन कराया।

इसी बीच मौका पाकर वह एक माह के मासूम को लेकर फरार हो गई। बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों के होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। बस स्टैंड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला की पहचान कर उसे बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

नीरज गुप्ता संपादक मो न-9340278996

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *