सहकारी समिति में सहकारी सप्ताह का शुभारंभ, ध्वजारोहण के साथ किसानों को किया जागरूक

पत्थलगांव। पत्थलगांव सहकारी समिति में रविवार को सहकारी सप्ताह का शुभारंभ धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने सहकारिता ध्वज फहराकर किया। जिले की सभी सहकारी समितियों में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारी सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि, सहकारी संस्थाओं को अधिक सशक्त एवं पारदर्शी बनाना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों का समग्र विकास सहकारिता के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के प्रयासों से प्रदेश की सभी सहकारी समितियों में सहकारी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है,

जिससे समितियों के कार्यों एवं योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को योजनाओं की बेहतर जानकारी मिलेगी।कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी हेमंत पटेल, सुदर्शन सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं सहकारी समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में लुड़ेग सहकारी समिति में अध्यक्ष नन्दलाल पैंकरा तथा काडरो सहकारी समिति में अध्यक्ष पुरन्दर यादव के नेतृत्व में भी सहकारी सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *