
जशपुर।जशपुर जिले में कक्षा 5वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों की अंकसूची समय पर उपलब्ध नहीं होने की बात कहते हुए कुनकुरी निवासी अधिवक्ता एवं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद कुलदीप ने कलेक्टर जशपुर को शिकायत सौंपकर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पैंकरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।शिकायत में कहा गया है कि जिला शिक्षा मंडल द्वारा वार्षिक परीक्षा संपन्न होने के बावजूद 30 जून 2026 तक विद्यार्थियों को विधिवत अंकसूची उपलब्ध नहीं कराई गई।

शिकायत किया गया है कि अंकसूची जारी करने में विभागीय स्तर पर लापरवाही बरती गई, जिससे विद्यार्थियों के प्रवेश, स्थानांतरण तथा आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पुत्र सहित कई विद्यार्थियों को समय पर अंकसूची नहीं मिलने से दूसरे विद्यालयों में प्रवेश लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे शिक्षा विभाग की गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।शिकायत की प्रतिलिपि नेता प्रतिपक्ष, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव तथा लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को भी भेजी गई है। अब इस मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
