कुनकुरी/जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टांगरपानी में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ (झारखंड) से कोरबा जा रही ‘जय बाला’ ट्रैवल्स की यात्री बस सुबह करीब 3:30 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डायवर्शन में पलट गई।

हादसे के समय बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे, जो गहरी नींद में थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में 10 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं।

सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कुनकुरी अस्पताल भेजा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में जशपुर निवासी श्रीमती शोभंती भगत (50 वर्ष) और उनकी पुत्री रीमा भगत (23 वर्ष) भी घायल हुई हैं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए होली क्रॉस अस्पताल, कुनकुरी में भर्ती कराया गया है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

