कमरा खुलते ही मची सनसनी, युवती की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप

चिड़रापारा के किराए के मकान में युवती का शव मिलने से सनसनी
पांच दिन पुराना होने की आशंका, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच


पत्थलगांव, । नगर के चिड़रापारा स्थित एक किराए के मकान में रविवार को 21 वर्षीय युवती का शव फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में शव करीब पांच दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान भीमा पैंकरा (21 वर्ष), पिता श्रवण कुमार पैंकरा के रूप में हुई है। वह पत्थलगांव के एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में कार्यरत थी और चिड़रापारा में नेहरू एक्का के किराए के मकान में रह रही थी।
बताया जाता है कि कई दिनों से कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और युवती के बाहर नहीं दिखाई देने पर मकान मालिक को संदेह हुआ। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर युवती का शव फंदे से लटका मिला। शव के सड़-गल जाने से आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत लगभग पांच दिन पहले हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल और अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में एक युवक से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *