अंधेरे में गोढीकला, बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का देर रात हंगामा, पहुंचा प्रशासन

पत्थलगांव। विकासखंड पत्थलगांव के भाटामुंडा ग्राम पंचायत अंतर्गत गोढीकला गांव में पिछले तीन से चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली बहाल नहीं होने पर नाराज ग्रामीण देर रात बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गए और करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन करते हुए विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामले की गंभीरता बढ़ने पर प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।ग्रामीणों ने बताया कि पिछले चार दिनों से गांव में बिजली नहीं होने के कारण पेयजल व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं घरों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर तथा फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई, लेकिन विभाग ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

उनका यह भी कहना है कि फोन पर भी जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से नाराज ग्रामीण देर रात बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और तत्काल बिजली बहाल करने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। सूचना मिलते ही तहसीलदार एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें शांत कराया।तहसीलदार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मंगलवार तक गोढीकला गांव की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *