‘टोनही’ के शक में जेठ बना जल्लाद, विधवा की लाठी से हत्या

नीरज गुप्ता संपादक मो न-9340278996

पत्थलगांव। क्षेत्र के डुडंगजोर गांव में अंधविश्वास की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। टोनही (डायन) होने के शक में एक विधवा महिला की कथित रूप से उसके जेठ ने लाठी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।मिली जानकारी के अनुसार, डुडंगजोर निवासी नवीना राठिया (35 वर्ष) अपने घर पर थी।

आरोप है कि उसका जेठ सुखसिंग राठिया लंबे समय से अपनी मां, भाई और नाती की अलग-अलग समय पर हुई मौतों के लिए नवीना को जिम्मेदार मानता था और उस पर टोनही होने का आरोप लगाकर अक्सर विवाद करता था।बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और फिर से विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने लकड़ी की लाठी से नवीना के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी सुखसिंग राठिया को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रथम दृष्टया मामला अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *