नगर पंचायत कोतबा और ग्राम पंचायत घोघरा के विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, उच्च स्तरीय जांच की मांग ।

जशपुर। नगर पंचायत कोतबा के वार्ड क्रमांक 02 के पार्षद सुदर्शन पटेल ने कलेक्टर जशपुर को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत कोतबा एवं ग्राम पंचायत घोघरा में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।ज्ञापन में पार्षद सुदर्शन पटेल ने आरोप लगाया है कि कई निर्माण कार्यों में एक ही ठेकेदार को बार-बार कार्य आवंटित किया गया, जबकि अन्य पात्र ठेकेदारों को अवसर नहीं मिला। उन्होंने कार्यों के आवंटन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, इसके बावजूद संबंधित ठेकेदार को पुनः कार्य दिए गए। वहीं कई निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण नहीं होने के बावजूद संबंधित एजेंसियों को संरक्षण दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।ज्ञापन में लगभग 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित असुरबांध तालाब निर्माण कार्य की गुणवत्ता और वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की गई है।

इसके अलावा श्मशान घाट निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन तथा वर्षों से अपूर्ण कार्य रखने वाले ठेकेदार को कार्य दिए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं।साथ ही ग्राम पंचायत घोघरा में विधायक निधि से स्वीकृत लगभग 10 लाख रुपये के सामुदायिक भवन निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितता की आशंका जताते हुए राशि के उपयोग की जांच की मांग की गई है। पार्षद ने ग्राम पंचायत को कार्य एजेंसी बनाकर ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने का भी आरोप लगाया है।पार्षद सुदर्शन पटेल ने कलेक्टर से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा जांच पूरी होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने की मांग की है।

नीरज गुप्ता संपादक मो न-9340278996

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *