सन्ना/जशपुर। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के कोदोपारा गांव में रविवार को खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोदोपारा गांव में खेत की जुताई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक एवं मालिक उदय राम (42 वर्ष), पिता जीतन राम कोरवा, निवासी भादू तथा ट्रैक्टर में सवार बरतु राम (28 वर्ष), पिता तीजन, निवासी कोदोपारा (टुकुटोली) ट्रैक्टर के नीचे दब गए। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही सन्ना थाना प्रभारी अशोक यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी की सहायता से पलटे ट्रैक्टर को हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। इस हृदयविदारक दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *