
पत्थलगांव। आईएएस अधिकारी क्षितिज गुरभेले ने मंगलवार को पत्थलगांव अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) के पद पर कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण के दौरान तहसील एवं एसडीएम कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।लंबे समय बाद पत्थलगांव में आईएएस अधिकारी की एसडीएम के रूप में नियुक्ति से क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी है। खासकर भूमि संबंधी मामलों में कथित दलाली, रजिस्ट्री, आदिवासी भूमि के गैर-आदिवासियों के नाम हस्तांतरण, डायवर्शन तथा लंबे समय से लंबित विवादित राजस्व प्रकरणों के निराकरण को लेकर लोगों को सख्ती की उम्मीद है।क्षेत्र में लंबे समय से जमीन से जुड़े मामलों में बिचौलियों की सक्रियता और कार्यालयीन कार्यों में कथित दलाली को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में नए एसडीएम के कार्यभार संभालने के बाद कार्यालय में दलाली प्रथा पर अंकुश लगाने, राजस्व मामलों में पारदर्शिता बढ़ाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण की चुनौती उनके सामने रहेगी।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आईएएस अधिकारी के नेतृत्व में राजस्व मामलों की निगरानी मजबूत होगी और नियमों के विपरीत होने वाले भूमि संबंधी मामलों पर प्रभावी कार्रवाई होगी। अब देखना होगा कि नए एसडीएम क्षितिज गुरभेले पत्थलगांव की राजस्व व्यवस्था में कितना बदलाव ला पाते हैं।

