भारी बारिश ने छीना गरीब परिवार का आशियाना, बारिश के बीच मौके पर पहुंचे जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता

बगीचा। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक गरीब परिवार पर कहर बरपा दिया। रोड किनारे स्थित सिरजू का कच्चा मकान तेज बारिश के चलते भरभराकर ढह गया। देखते ही देखते वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया आशियाना मलबे में बदल गया। मकान के साथ खपरैल, लकड़ियां एवं घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे परिवार को भारी नुकसान हुआ है।घटना की जानकारी मिलते ही जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता स्वयं बारिश के बीच मौके पर पहुंचे।

उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया और पीड़ित सिरजू एवं उनके परिवार से मुलाकात कर उनकी पीड़ा और नुकसान की जानकारी ली।मौके का दृश्य बेहद मार्मिक और हृदयविदारक था—एक ओर लगातार बरसता पानी और दूसरी ओर मलबे में तब्दील हुआ आशियाना। ऐसे कठिन समय में परिवार के सामने सिर छुपाने और सुरक्षित रहने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि क्षति का नियमानुसार आकलन कराकर प्रशासन के समक्ष राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्काल पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव सहयोग के लिए प्रयास किया जाएगा।इस संबंध में जनपद उपाध्यक्ष ने मौके से ही बगीचा एसडीएम श्री समीर बाड़ा से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की जानकारी दी और प्रभावित गरीब परिवार को तत्काल राहत दिलाने हेतु प्रकरण तैयार करने का आग्रह किया। एसडीएम ने शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *