
स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जशपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने सोमवार को जिला अस्पताल जशपुर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अचानक अस्पताल पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जी.एस. जात्रा से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। सालिक साय ने अस्पताल परिसर एवं वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं और उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल जिले का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में बेहतर व्यवस्था और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।

सालिक साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई के साथ मरीजों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा, सिविल सर्जन डॉ. कपिल कश्यप, संतोष गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष के निज सहायक रवि मिश्रा तथा भाजयुमो जिला कार्यसमिति सदस्य भूषण वैष्णव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
