
जशपुर/दुलदुला। दुलदुला जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार गुप्ता के खिलाफ उनकी ही पार्टी के स्तर पर कार्रवाई की मांग सामने आई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सरोजनी सिंह ने भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह को पत्र भेजकर रविंद्र गुप्ता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं पार्टी द्वारा दी गई समस्त जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने की मांग की है।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि रविंद्र गुप्ता द्वारा पार्टी से अलग गुट बनाकर कांग्रेस समर्थकों को बढ़ावा देने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया जा रहा है। पत्र में यह भी कहा गया है कि उनकी कार्यशैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में असंतोष है और भविष्य में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पार्टी से टूटने की आशंका है।पत्र में जनपद पंचायत चुनाव का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के समर्थन से रविंद्र गुप्ता चुनाव जीते तथा जनपद पंचायत दुलदुला के उपाध्यक्ष बने। साथ ही भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का विरोध किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।भाजपा मंडल दुलदुला की बैठक में रविंद्र गुप्ता को पार्टी से हटाए जाने का निर्णय लिए जाने का उल्लेख भी पत्र में किया गया है। अब यह मामला भाजपा जिला संगठन के समक्ष पहुंच गया है। जिला संगठन इस पर क्या निर्णय लेता है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।
