’3.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम से निखरेगी खिलाड़ियों की प्रतिभा’
’बास्केटबॉल के साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस के अभ्यास की मिलेगी सुविधा’
’स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण का अवसर, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी’
रायपुर, 22 अक्टूबर 2026



मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री श्री साय के गृह जिले जशपुर में 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में विकसित हुआ है। आधुनिक खेल अधोसंरचना के विस्तार से जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नियमित अभ्यास करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 28 मार्च 2026 को जशपुर प्रवास के दौरान इस मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम का शुभारंभ किया था। स्टेडियम के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को विभिन्न इनडोर खेलों के अभ्यास के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है। विशेष रूप से ग्रामीण और जनजातीय अंचलों से आने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए यह खेल परिसर अपनी क्षमताओं को विकसित करने और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों की तैयारी करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
