जनजातीय समाज भारत की आत्मा, विकसित भारत 2047 का बनेगा मजबूत आधार : रामसेवक पैंकरा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन, मोदी सरकार की योजनाओं और जनजातीय उत्थान के विजन को किया साझा

*जशपुर।* भाजपा के लिए जनजातीय समाज केवल एक वर्ग नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के साथ ही 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। यह बात छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता रामसेवक पैंकरा ने आज जिला भाजपा कार्यालय जशपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 11 से 18 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित पत्रकार वार्ता में पैंकरा ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान, केंद्र सरकार की योजनाओं और विकसित भारत 2047 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध उलगुलान का नेतृत्व करते हुए ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का अमर संदेश दिया। उनका संघर्ष जनजातीय स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, फूलो-झानो, वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती और गोविंद गुरु सहित अनेक जनजातीय वीरों के योगदान को याद करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में जनजातीय समाज का बलिदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है।*जनजातीय विकास को मिली नई दिशा*रामसेवक पैंकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, वन धन विकास केंद्र और वन अधिकार पट्टों जैसी योजनाओं से जनजातीय परिवारों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, बिजली और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज को सम्मान देने के साथ उसकी संस्कृति, भाषा और परंपराओं के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है।*विपक्ष पर जनजातीय समाज की उपेक्षा का आरोप*पैंकरा ने आरोप लगाया कि दशकों तक जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखा गया और उसके महानायकों को इतिहास में अपेक्षित स्थान नहीं मिला। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत, अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना और जनजातीय महिला द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने को जनजातीय समाज के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।*2047 के विकसित भारत में जनजातीय समाज की भागीदारी*उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है कि जनजातीय समाज विकास योजनाओं का केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में बराबर का भागीदार बने। शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, वन अधिकार, ग्राम सभाओं के सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों को बाजार और जनजातीय भाषाओं के संरक्षण के माध्यम से समाज को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, युवा संवाद, छात्रावास संपर्क अभियान और सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे।उन्होंने सभी से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा उनके गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।*ये रहे उपस्थित*पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका परिषद जशपुर के अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद अध्यक्ष गंगा राम भगत, राजकपूर भगत, श्यामलाल भगत, गोविंद राम भगत, श्रीमती शारदा प्रधान, फैज़ान सरवर खान, मुकेश सोनी, नेहरू सिंह, अनिता पैंकरा, अभिषेक मिश्रा, सतीश मिंज, विकास प्रधान एवं रंजीत भगत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *