
*जशपुर।* छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता की अलख जगाने वाली मितानिनों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से जशपुर में मितानिन सम्मान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। सरपंच सचिव संघ, जशपुर द्वारा संघ के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष समारोह में जशपुर जनपद पंचायत क्षेत्र की 355 मितानिनों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मितानिनों की उपस्थिति रही।

समारोह के दौरान मितानिनों के सेवा, समर्पण और उनके महत्वपूर्ण योगदान को सराहा गया। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने, बच्चों के टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।मितानिन ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की ऐसी महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती हैं। विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग और आम जनता के बीच सेतु के रूप में उनकी भूमिका काफी अहम रहती है। कई बार सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद मितानिन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं।सरपंच सचिव संघ द्वारा 25वें स्थापना दिवस को मितानिनों के सम्मान के लिए समर्पित करना उनके सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक माना जा रहा है।

समारोह में 355 मितानिनों का सम्मान किया जाना उनके कार्यों को पहचान देने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।इस आयोजन के माध्यम से सरपंच सचिव संघ ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि ग्रामीण विकास और जनकल्याण की योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने में मितानिनों जैसी जमीनी कार्यकर्ताओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उनके समर्पण और सेवाभाव को सम्मान मिलना न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि समाज में उनके कार्यों के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत करता है।*जशपुर में आयोजित यह मितानिन सम्मान समारोह उन महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बना, जो गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत आधारशिला बनकर लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
