धान खरीदी उत्सव एवं किसान अभिनंदन समारोह जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय हुए शामिल

किसानों का किया गया अभिनंदन, सालिक साय ने कहा 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता राशि मिलेगी।

डुमरबहार। धान खरीदी वर्ष 2026-27 के अवसर पर डुमरबहार धान मंडी में धान खरीदी उत्सव एवं किसान अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, मंडी के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित कृषक बंधुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान किसानों का अभिनंदन करते हुए धान खरीदी व्यवस्था एवं किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि सालिक साय ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में धान खरीदी को लेकर विष्णुदेव की सरकार की ओर से किसानों के हित में निर्णय लिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की उपज का धान खरीदी करना और उन्हें आर्थिक रूप से सहयोग प्रदान करना है।

पहले कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि का लाभ लेने के लिए प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचना आवश्यक था, लेकिन अब विष्णु के सुशासन के तहत किसानों के लिए इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

अब यदि कोई किसान कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे सत्यापित पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। उन्होंने इसे किसानों के लिए महत्वपूर्ण राहत बताया।

सालिक साय ने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने किसानों से धान खरीदी व्यवस्था का लाभ लेने की अपील की।

इस अवसर पर डुमरबहार के सरपंच, उपसरपंच गोविंद यादव, मनोहर मिंज, भीम प्रसाद, प्रहलाद, इंद्रो भगत, नोडल अधिकारी जगसाय सिदार, गजाधर पैंकरा, मंडी प्रबंधक भास्कर यादव, बबलू यादव,लालू सिंह, कृष्णा पैंकरा, फड़ प्रभारी सहित मंडी के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *