
बोले—मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को मिला सम्मान, स्वाभिमान और विकास का नया आयाम

जशपुर।* जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरव के प्रति आत्मीय जुड़ाव का संदेश देते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव रविवार को पंडरापाठ मंडल के भड़िया बूथ क्रमांक 70 में पहाड़ी कोरवा परिवारों के बीच पहुंचे। यहां उन्होंने जनजातीय समाज के वरिष्ठजनों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया।

कार्यक्रम के उपरांत श्री जूदेव ने पहाड़ी कोरवा परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके जीवन, परंपराओं और सामाजिक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी कोरवा समाज छत्तीसगढ़ की गौरवशाली जनजातीय विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस समाज का सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को देश की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। भगवान बिरसा मुंडा की विरासत को राष्ट्रीय पहचान, 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का दर्जा, प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी पहल जनजातीय समाज के उत्थान के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।श्री जूदेव ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में रहने वाले लोगों को एक सूत्र में जोड़ने और समाज के प्रेरणादायी प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है।उन्होंने पहाड़ी कोरवा परिवारों के स्नेह एवं आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के साथ उनका संबंध केवल दायित्व का नहीं, बल्कि आत्मीयता, सम्मान और विश्वास का है।इस अवसर पर राजू गुप्ता, देवलाल भगत, हरिशंकर यादव, जयशंकर यादव, नंदकुमार यादव, अशोक यादव, ऋत्विक जैन, सोखा यादव, प्रहलाद यादव, ओमप्रकाश चौहान सहित पहाड़ी कोरवा परिवारों के सदस्य, समाज के वरिष्ठजन एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
