
रिपोर्ट:जशपुर। धान खरीदी में अव्यवस्था, नमी कटौती, अवैध वसूली एवं किसानों से दुर्व्यवहार के आरोपों के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने शुक्रवार को जिलेभर में बड़ा आंदोलन किया। कांग्रेस द्वारा जिले के सभी 46 धान खरीदी केंद्रों में एक साथ प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला।जिला कांग्रेस अध्यक्ष यू.डी. मिंज ने कहा कि सरकार को किसानों की उपज का “दाना-दाना खरीदना होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस वर्ष धान खरीदी की व्यवस्था में भारी गड़बड़ी हुई है, कई किसान धान बेचने से वंचित रह गए हैं और टोकन व संशोधन के लिए भटकने को मजबूर हैं।इस आंदोलन में वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल सहित सभी संगठनों की संयुक्त भागीदारी रही।

कार्यक्रम संयोजन में महिला कांग्रेस की सुश्री रत्ना पैंकरा एवं युवा कांग्रेस संयोजक रवि शर्मा सहित प्रभारी एवं वरिष्ठजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पूर्व विधायक रामपुकार सिंह ने कछार में आंदोलन का नेतृत्व करते हुए कहा कि “धान खरीदी केंद्रों में किसानों को उचित मूल्य मिलने की जगह अपमान और परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह स्थिति किसान विरोधी है और सरकार को इसका जवाब देना होगा।”पूर्व विधायक विनय भगत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को परेशान करने का काम कर रही है, जो सर्वथा अनुचित है और कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदेश महामंत्री श्रीमती आरती सिंह ने किलकिला में प्रदर्शन के दौरान कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी नीतियाँ लागू कर रही है और अपने वादों से पीछे हट रही है, जबकि कांग्रेस हमेशा किसानों के साथ खड़ी है।पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सागर ने कहा कि “मुख्यमंत्री के जिले में ही किसानों से नमी के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है, 40.680 किलोग्राम मानक तौल की अनदेखी हो रही है तथा बिचौलियों के माध्यम से खरीदी होने से किसानों को नुकसान हो रहा है।” उन्होंने कहा कि विरोध करने पर किसानों से दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन मौन है।कांग्रेस का कहना है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
