
बागबहार। भाजपा मंडल बागबहार में शनिवार 10 जनवरी 2026 को लोकेश्वर धाम शिव मंदिर, लोकेर बनगांव बी में भाजपा शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार सोमनाथ मंदिर स्थापना के 1000 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष पूजा-अर्चना एवं कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने परंपरागत विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन किया।

कार्यक्रम पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंडल महामंत्री मोती बंजारा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की अस्मिता, आस्था और साहस का प्रतीक है। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि मुगल आक्रांताओं द्वारा विशेषकर महमूद गजनवी (1026 ई.) समेत कई शासकों द्वारा मंदिर को लूटने और विध्वंस करने के प्रयास लगातार हुए, जिनमें अलाउद्दीन खिलजी (1299), जफर खान (1395), महमूद बेगड़ा (1451) और औरंगजेब (1665-1706) शामिल रहे। इसके बावजूद समय-समय पर हिन्दू शासकों द्वारा मंदिर का पुनर्निर्माण किया गया और आस्था को जीवित रखा गया।

मोती बंजारा ने आगे बताया कि स्वतंत्र भारत में 1950 में सरदार वल्लभभाई पटेल की पहल पर सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य शुरू हुआ। विरोधों के बावजूद उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने कांग्रेस सरकार को झुकना पड़ा और वर्ष 1951 में मंदिर पुनः भव्य स्वरूप में तैयार हुआ। बाद में 1955 में इसे प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने देश एवं शिवभक्तों को समर्पित किया। वर्ष 2026 में इस ऐतिहासिक कार्य को 75 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, जिसे कृतज्ञता एवं उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती धनियारों परहा, जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, मंडल अध्यक्ष श्रीमती मीना चौहान, मंडल महामंत्री सुरेश जायसवाल, मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा सुमित्रा पैंकरा सहित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सरपंचगण, मंडल उपाध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, सामाजिक महिलाएँ एवं सैकड़ों शिवभक्त माताएँ-बहनें भी शामिल हुईं। कार्यक्रम में देश, धर्म एवं समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं गौरव को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया
