
पत्थलगांव | जशपुर (छ.ग.)शासकीय प्राथमिक शाला राजाआमा, विकासखंड पत्थलगांव में पदस्थ प्रधान पाठक श्री सिमन राम भगत ने सफलतापूर्वक अपनी अधिवार्षिक आयु पूर्ण कर सेवा निवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर शिक्षा विभाग एवं विद्यालय परिवार द्वारा उनके दीर्घकालीन, निष्ठावान एवं सराहनीय शैक्षणिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।सेवा निवृत्ति के अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक सहित पत्थलगांव विकासखंड के समस्त शिक्षकीय एवं कार्यालयीन स्टाफ ने श्री भगत को पेंशन संबंधी आवश्यक आदेश एवं सेवा लाभ के दस्तावेज सौंपे। साथ ही उन्हें शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की कामना की गई।अपने कार्यकाल के दौरान श्री सिमन राम भगत ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय में अनुशासन और संस्कार की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में अनेक छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक उपलब्धियाँ प्राप्त कीं।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने उनके अनुभवों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। विद्यालय परिवार एवं शिक्षा विभाग ने उनके आगामी जीवन के लिए मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।
