स्वर्गीय ओमप्रकाश साय समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते रहे– श्रीमती कौशल्या साय, क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ समापन, पगुराबहार ने बंदरचूआ को 6 विकेट से हराया….

जशपुरनगर। बगिया में आयोजित स्वर्गीय ओमप्रकाश साय स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-2 का भव्य एवं गरिमामय समापन गुरुवार को किया गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा स्वर्गीय ओमप्रकाश साय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पूरे परिसर में भावनात्मक माहौल देखने को मिला और उपस्थित जनसमूह ने स्वर्गीय साय के सामाजिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय उपस्थित रहीं। उन्होंने स्व. ओमप्रकाश साय के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश साय समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते रहे। उन्होंने अपने जीवनकाल में क्षेत्र के विकास और लोगों की भलाई के लिए निरंतर कार्य किया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व की स्मृति में आयोजित खेल प्रतियोगिता युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ समाज को एकता और भाईचारे का संदेश भी देती है।श्रीमती कौशल्या साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना सिखाने का सशक्त जरिया है।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने गांव, क्षेत्र एवं राज्य का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।फाइनल मुकाबला पगुराबहार और बंदरचूआ टीम के बीच खेला गया, जिसमें पगुराबहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंदरचूआ को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पगुराबहार ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी बंदरचूआ की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 86 रन का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पगुराबहार की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की।प्रतियोगिता में विजेता टीम पगुराबहार को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 51 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम बंदरचूआ को 21 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में सरपंच राजकुमारी साय, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश प्रसाद चौधरी, जिला पंचायत सदस्य हीरामति पैंकरा, मंडल अध्यक्ष रवि यादव, जनपद सदस्य सरोज यादव, रामविलास राम, समिति सदस्य रामनारायण राम, अजीत साय, अवधेश साय, परमेश्वर साय, किशोर साय, राजेंद्र राम, विनोद साय, प्रवीण साय सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला और प्रतियोगिता ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *