सालिक साय बोले—रोजगार और आजीविका से ही बनेगा विकसित भारत, पाकरगांव में सम्मेलन संपन्न

पत्थलगांव। पत्थलगांव के ग्राम पाकरगांव में शुक्रवार को विकसित भारत गारंटी रोजगार फॉर आजीविका मिशन के अंतर्गत मंडल स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकसित भारत जी राम जी के जिला संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया। सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।मुख्य अतिथि विकसित भारत जी राम जी केजिला संयोजक सालिक साय ने अपने संबोधन में कहा कि इस मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाकर लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर गांव से शहरों की ओर पलायन रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

कृषि आधारित गतिविधियों, पशुपालन, कुटीर एवं लघु उद्योग, स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ कौशल विकास व प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाया जा रहा है।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर्व्यवसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा ने कहा कि विकसित भारत गारंटी रोजगार फॉर आजीविका मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का सशक्त संकल्प है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह मिशन हर हाथ को काम और हर परिवार को सम्मानजनक आजीविका देने का माध्यम बन रहा है। कौशल विकास, स्वरोजगार और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल रही है।

जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने कहा कि यदि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो मजबूत रोजगार व्यवस्था अनिवार्य है। यह मिशन स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, स्टार्टअप संस्कृति और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देता है। महिलाओं के स्वयं सहायता समूह और युवाओं के कौशल प्रशिक्षण इसके सशक्त उदाहरण हैं।

मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने कहा कि यह मिशन युवाओं को कौशल, महिलाओं को सशक्तिकरण और ग्रामीण भारत को स्थायी आजीविका प्रदान कर रहा है। उन्होंने इसे हर भारतीय के आत्मसम्मान और स्वावलंबन का संकल्प बताया।कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण मंडल प्रभारी हरजीत सिंह भाटिया, उपाध्यक्ष सुनील गर्ग, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल, नगर पालिका उपाध्यक्ष अजय बंसल, संजय लोहिया,आलोक गर्ग, भुनेश्वरी बेहरा, मंडल कोषाध्यक्ष सुरेश साहू, संतोषी भारद्वाज, सरपंच गरीब साय, सरपंच पटेल टोप्पो, अनिता राजपूत, जितेन्द्र अग्रवाल, श्यामनारायण गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

