
पत्थलगांव (जशपुर)।पीजीडीसीए (PGDCA) स्किल कोर्स का परिणाम व मार्कशीट समय पर नहीं मिलने से परेशान विद्यार्थियों ने पत्थलगांव एसडीओपी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में छात्रों ने बताया कि उन्होंने IT-30 Skill Education, पत्थलगांव के माध्यम से जुलाई 2024 में पीजीडीसीए कोर्स में प्रवेश लिया था और जन–जुलाई 2025 में परीक्षा दी थी।विद्यार्थियों के अनुसार उन्हें बताया गया था कि सितंबर 2025 में रिजल्ट जारी हो जाएगा,

लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद अधिकांश छात्रों का न तो रिजल्ट मिला और न ही मार्कशीट उपलब्ध कराई गई। पूछताछ करने पर कभी यूनिवर्सिटी का हवाला दिया गया तो कभी केवल तारीख पर तारीख दी जाती रही। छात्रों का कहना है कि उन्हें यह तक स्पष्ट नहीं बताया गया कि वे पास हुए हैं या फेल।शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख है कि कोर्स के लिए ऑफर के तहत फीस ₹14,000 बताई गई थी, लेकिन कई छात्रों से ₹17,000 से ₹18,000 तक की राशि वसूली गई। इसके बावजूद न तो समय पर रिजल्ट मिला और न ही संतोषजनक जवाब। छात्रों का आरोप है कि संस्था प्रबंधन द्वारा फोन कॉल्स का भी सही ढंग से जवाब नहीं दिया जाता।

मामले को गंभीर बताते हुए छात्रों ने एसडीओपी से हस्तक्षेप की मांग की, जिसके बाद डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के समक्ष शिकायत रखी गई। एसडीओपी के हस्तक्षेप के बाद संबंधित संस्था के मैनेजर द्वारा शिकायतकर्ता विद्यार्थियों को मार्कशीट उपलब्ध कराई गई, जिससे छात्रों को बड़ी राहत मिली।मार्कशीट मिलने के बाद विद्यार्थियों ने एसडीओपी का आभार जताया,

वहीं अब यह सवाल भी उठ रहा है कि एक ही पीजीडीसीए कोर्स के लिए छात्रों से अलग-अलग फीस क्यों ली गई। छात्रों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र को इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।

