मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा साकार, विधायक गोमती साय के प्रयास रंग लाए

जशपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा की गई घोषणा अब मूर्त रूप लेती नजर आ रही है। वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल जशपुर जिले के पत्थलगांव शहर की महत्वपूर्ण सड़कों के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य को राज्य शासन से प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस उपलब्धि को पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय के निरंतर प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।छत्तीसगढ़ शासन, लोक निर्माण विभाग मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जशपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल 7.30 किलोमीटर सड़क के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य हेतु 36 करोड़ 85 लाख 20 हजार की राशि स्वीकृत की गई है।स्वीकृत मार्गों में इंदिरा चौक से जशपुर रोड (2 किमी इंदिरा चौक से अंबिकापुर रोड 1.50 किमी एवं इंदिरा चौक से रायगढ़ रोड 3.80 किमी शामिल हैं। लंबे समय से इन मार्गों की स्थिति जर्जर होने के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।प्रशासनिक स्वीकृति के साथ शासन द्वारा यह भी निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्य पारदर्शी निविदा प्रक्रिया, तकनीकी स्वीकृति एवं निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत पूर्ण किया जाए। कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित बजट सीमा से अधिक व्यय नहीं किया जाएगा।भूमि-अर्जन की आवश्यकता होने पर संबंधित प्रक्रिया राजस्व विभाग की जांच एवं स्वीकृति के उपरांत ही की जाएगी। बिना सक्षम स्वीकृति के किसी भी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय दायित्व निर्मित नहीं किया जाएगा।विधायक श्रीमती गोमती साय ने क्षेत्र की जनता की मांगों को शासन स्तर पर मजबूती से रखा, जिसके परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा को प्रशासनिक मंजूरी मिली। पत्थलगांव शहर की तीनों प्रमुख सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *