घर से स्कूल जाते समय शिक्षक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत

जशपुर। जिले में एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की असामयिक मौत हो गई। वे प्रतिदिन की तरह अपने घर से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, फरसाबहार के लिए बाइक से निकले थे।

इसी दौरान सिंगीबहार मेन रोड पर उनकी बाइक की एक ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक नसीम अंसारी (निवासी धमधा, रायपुर) अंडा लोड कर रामगढ़ की ओर जा रहा था। सिंगीबहार के पास अचानक सामने से आ रही बाइक से ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है तथा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की अचानक मृत्यु से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्हें एक सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक के रूप में याद किया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में गहरा दुःख व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *