
बगीचा (जशपुर)। विकासखंड बगीचा में आयोजित कृषक उन्नति योजना कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सरकार किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों की मेहनत और पसीने का सम्मान करना ही सरकार का मूल संकल्प है, और इसी भावना के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान 7,162 पंजीकृत धान उत्पादक किसान भाइयों के खातों में कुल ₹38,95,60,718.80 की अंतर राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) माध्यम से सीधा अंतरण किया गया। उपाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि यह सहायता केवल आर्थिक नहीं, बल्कि अन्नदाता के आत्मसम्मान और अधिकारों की पुनर्स्थापना का प्रतीक है। वर्षों से जिस सम्मान की अपेक्षा किसान कर रहे थे, वह आज भाजपा की सरकार में साकार हो रहा है।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 25 लाख से अधिक अन्नदाता किसानों को ₹10,000 करोड़ से अधिक की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किया जाना एक ऐतिहासिक निर्णय है, जो सरकार की प्रतिबद्धता और किसान कल्याण के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

उपाध्यक्ष गुप्ता ने दो टूक कहा कि भाजपा की सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जो वादा करती है उसे निभाकर दिखाती है। उन्होंने कहा, “किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश समृद्ध होगा”—इसी सोच के साथ सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है।इस गरिमामय कार्यक्रम में जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर प्रसाद गुप्ता, पद्मश्री जगेश्वर यादव, जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश, जनपद सदस्य एवं प्रदेश मंत्री ललित नागेश, कृषि समिति के सभापति रामवृक्ष भगत, तहसीलदार महेश्वर उईके, कृषि विस्तार अधिकारी केरकेट्टा सहित मंडी एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बगीचा ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनसमूह में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। किसानों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।अंत में उपाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि भाजपा संगठन बगीचा जनपद किसानों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा है और आगे भी किसान हितों के लिए निरंतर संघर्ष और सेवा करता रहेगा।

