
पत्थलगांव। नगर के सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम प्राकट्योत्सव दो दिनों तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

इस दौरान बच्चों, महिलाओं और समिति के सदस्यों के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं 19 अप्रैल रविवार को शाम 5 बजे सत्यानारायण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के तीनों प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। यात्रा में बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग शामिल हुए।

शोभायात्रा से पूर्व सर्वप्रथम महाराज द्वारा भगवान परशुराम की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान भगवान परशुराम की वेशभूषा में आकर्षक झांकी सजाई गई। डीजे की धुन, हाथों में सनातन ध्वज और “जय परशुराम” के जयघोष के साथ युवाओं की टोली पूरे नगर में उत्साह के साथ आगे बढ़ती रही।

शोभायात्रा के दौरान डीजे पर भगवान परशुराम की स्तुति और ब्राह्मण समाज से जुड़े भक्ति गीत बजाए गए, जिन पर युवाओं ने श्रद्धा और जोश के साथ नृत्य किया। जय परशुराम के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। मुख्य चौक में सुंदर आतिशबाजी का भी प्रदर्शन किया गया, जिसने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।

यात्रा के दौरान नगर में विभिन्न स्थानों पर अन्य समाज के लोगों द्वारा जलपान के स्टॉल लगाए गए, जो सामाजिक एकता और सौहार्द का परिचायक रहा। शोभायात्रा का समापन हरियाणा धर्मशाला में हुआ।

इससे पूर्व सुबह सत्यानारायण मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया, जिसके पश्चात दोपहर में प्रसाद स्वरूप भंडारे का आयोजन किया गया।

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल तैनात रहा और नगर में भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई।

