कुनकुरी का ‘शपथ ग्रहण स्पेशल’ दो पालियों में बनी राजनीति की नई कहानी!

कुनकुरी: नगर पंचायत सभागार में हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह ने पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी। वजह? यह प्रदेश का पहला शपथ ग्रहण समारोह था जो दो पालियों में हुआ!
पहली पाली में भारतीय जनता पार्टी से विजयी 8 पार्षदों ने शपथ ली, और सभागार भगवा रंग में रंग गया। कुछ ही देर बाद, जैसे ही दूसरी पाली आई, माहौल बदल गया—कांग्रेस के विजयी अध्यक्ष और 7 पार्षदों ने शपथ लेकर माहौल में “हाथ” जोड़ दिया!
राजनीतिक ‘सीटिंग अरेंजमेंट’ का अजूबा!
इस ऐतिहासिक “दोपालीय” शपथ ग्रहण के दौरान सभागार भी दो अलग-अलग रंगों में नजर आया। पहले भाजपा समर्थकों की गूंज सुनाई दी, फिर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की। ऐसा लगा मानो सभागार भी पार्टी लाइन के हिसाब से “शिफ्ट ड्यूटी” कर रहा हो!
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पहुंचे थे। बता दे कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का विधानसभा मुख्यालय होने की वजह से कुनकुरी का शपथ ग्रहण अब प्रदेशभर में “हॉट टॉपिक” बन गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतमाला परियोजना में धांधली का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने CBI जांच न कराने पर भी सवाल उठाए।।इसके अलावा, उन्होंने धान खरीदी में अनियमितताओं के साथ साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम स्थल को लेकर भी भाजपा द्वारा विवादित किया जाने के आरोप भी लगाए। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कुनकुरी नगर पंचायत के नव-निर्वाचित अध्यक्ष कांग्रेस के विनयशील हैं और वे शासन की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में सफल होंगे।