राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से जशपुर गौरवान्वित, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय को नई दिल्ली में मिला सम्मान

जशपुर। जशपुर जिले के लिए गर्व और सम्मान का क्षण उस समय आया जब जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय को नई दिल्ली में आयोजित “राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह” में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और समर्पण को देखते हुए प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से न केवल जशपुर जिला बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ प्रदेश गौरवान्वित महसूस कर रहा है।जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता, जनकल्याण एवं पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में जिले में पंचायत स्तर पर कई विकासात्मक कार्यों को गति मिली, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय पहचान के रूप में सामने आया है।यह प्रतिष्ठित सम्मान 3 जून 2025 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देशभर के पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह के दौरान श्री सालिक साय को मंच पर सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।उक्त जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के सहयोगी भूषण वैष्णव ने दी। भूषण वैष्णव ने बताया कि यह सम्मान जशपुर जिले समेत पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि श्री सालिक साय ने हमेशा ग्रामीण विकास और पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया है, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिला है।कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत जशपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सिंह, उप संचालक कुसुम बड़ा तथा जिले के अनेक सरपंच उपस्थित रहे। सभी ने श्री सालिक साय को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे जशपुर जिले के लिए प्रेरणादायक क्षण बताया।समारोह के दौरान विभिन्न प्रतिनिधियों ने कहा कि यह सम्मान जशपुर जिले की सक्रिय पंचायत व्यवस्था और ग्रामीण विकास मॉडल की पहचान है। इससे जिले के जनप्रतिनिधियों एवं पंचायतों को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।जिलेवासियों ने भी श्री सालिक साय को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *