बिजली विभाग की लापरवाही से किसान और मवेशी की जान, ग्रामीणों में भारी नाराजगी

पत्थलगांव। क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोढ़ी (बी), तहसील बागबहार, जिला जशपुर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। खेत की ओर मवेशी चराने गए किसान रामेश्वर यादव (पिता- श्रीधर यादव) की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक मवेशी की भी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार खेत की ओर बांस के सहारे ले जाए गए बिजली के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। किसान रामेश्वर यादव और उनका मवेशी अनजाने में उक्त तार की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।ग्रामीणों का आरोप है कि नंगे तार के माध्यम से बिजली कनेक्शन दिया गया था और बांस को ही खंभे के रूप में इस्तेमाल किया गया था, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन करता तो यह हादसा टाला जा सकता था।ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा मृतक किसान के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि आखिर किसकी अनुमति से बांस के सहारे और नंगे तार के जरिए बिजली कनेक्शन संचालित किया जा रहा था।घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
