
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला इकाई जशपुर के जिला पदाधिकारियों एवं समस्त ब्लॉक अध्यक्षों की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षक एलबी भरत यादव के निलंबन प्रकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में फेडरेशन ने प्रारंभिक रूप से यह मत व्यक्त किया कि निलंबन की कार्रवाई एकपक्षीय प्रतीत होती है।

साथ ही, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कुनकुरी द्वारा गठित जांच दल में एक संविदा लिपिक को शामिल किया जाना नियमों के विपरीत बताया गया। फेडरेशन ने यह भी प्रश्न उठाया कि बिना सक्षम उच्चाधिकारी की स्वीकृति के जांच दल का गठन किया गया, जिसमें केवल एक प्राचार्य, एक प्रधान पाठक एवं एक संविदा लिपिक को शामिल किया गया।बैठक में यह भी चर्चा की गई कि बीईओ कुनकुरी सुदर्शन पैंकरा द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि शिक्षक एलबी भरत यादव ने निर्धारित समयावधि में कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत नहीं किया। फेडरेशन ने इस उल्लेख पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह तथ्यात्मक रूप से गलत प्रतीत होता है, क्योंकि भरत यादव द्वारा नोटिस प्राप्त होने के दूसरे ही दिन अपना लिखित जवाब प्रस्तुत किया गया था तथा उसी जवाब में बीआरसी द्वारा की गई शिकायत की प्रति उपलब्ध कराने की भी मांग की गई थी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि फेडरेशन के पदाधिकारी शीघ्र ही बीईओ कुनकुरी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन का विधिवत परीक्षण करेंगे तथा जांच दल के गठन एवं उसके आधार पर भेजी गई कार्यवाही संबंधी प्रतिवेदन के संबंध में जिला कलेक्टर से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच एवं न्यायोचित कार्रवाई की मांग करेंगे।बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए फेडरेशन ने कहा कि राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुरूप प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत सभी बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) को उनकी मूल शालाओं में वापस भेजने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी जाएगी।फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि वह शिक्षकों के हितों की रक्षा, नियमसम्मत प्रशासनिक प्रक्रिया तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी बात प्रशासन के समक्ष रखता रहेगा।बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष टिकेश्वर भोय, जिला अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, जिला सचिव उत्तम साय पैंकरा तथा समस्त ब्लॉक अध्यक्ष—पुरेंद्र यादव, प्रेम शंकर यादव, संजय बेक, महेंद्र सिंह, दीपक मार्टिन, संतोष जाटवर सहित अन्य जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।



