
औघड़ रिवाज से हुआ पूजन और हवन, संतोष बाबा बोले- सच्चे मन से मांगी गई मन्नत मां काली अवश्य करती हैं पूरी जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत शेखरपुर स्थित मां काली मंदिर में अष्टमी तिथि के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा-अर्चना की गई। निशा रात्रि अष्टमी के अवसर पर आयोजित इस विशेष पूजा में दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे और मां काली के दरबार में माथा टेककर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। मंदिर में संतोष बाबा के द्वारा ओघड़ पद्धति से मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद विधि-विधान के साथ हवन संपन्न कराया गया।

निशा रात्रि अष्टमी के अवसर पर मां काली की विशेष पूजा का धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने पूजन में भाग लिया और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूज्य संतोष बाबा ने बताया कि मंदिर में मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।

इस मंदिर की खासियत है कि यहां आने वाले भक्त सच्चे मन से मां से जो भी मन्नत मांगते हैं, उनकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। इसी अटूट आस्था और विश्वास के कारण दूर-दूर से श्रद्धालु मां काली के दर्शन करने और अपनी मन्नतें मांगने मंदिर पहुंचते हैं। अष्टमी के अवसर पर मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां काली की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
