कुकुरभूका में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन, सरायटोला की टीम बनी विजेता, सालिक साय ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, कहा—प्रदेश में विष्णुदेव साय सरकार का सुशासन, सभी वर्गों के विकास के लिए हो रहे प्रयास

पत्थलगांव। कुकुरभूका पंचायत में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय ग्रामीण स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाइनल मुकाबला सरायटोला और कुकुरभूका की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें सरायटोला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।फाइनल मुकाबले में सरायटोला की टीम ने खेल के पहले हाफ में ही तीन गोल दागकर अपनी मजबूत बढ़त बना ली।

इसके बाद कुकुरभूका की टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सरायटोला के खिलाड़ियों ने अंतिम समय तक अपनी बढ़त बरकरार रखी और खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय शामिल हुए। उनके साथ जनपद अध्यक्ष श्रीमती धनियारो परहा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, मंडल अध्यक्ष श्रीमती मीना चौहान, सरपंच श्रीमती शकुंतला कांत, मंडल महामंत्री सुरेश जायसवाल,महामंत्री सुमित्रा पैंकरा, समिति अध्यक्ष कृष्णा सोरेन, उपाध्यक्ष सली राम चौहान, सचिव मुकेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष कुंती भगत एवं पीतांबर पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देना है।

उन्होंने ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को सराहनीय बताते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, मेहनत और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए।प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों और ग्रामवासियों ने खुशी जताई। उक्त जानकारी जिला कार्यसमिति सदस्य भाजयुमो भूषण वैष्णव ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *