
जशपुर: जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के लुड़ेग के पास आज एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटी। इस दर्दनाक हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें पांच बच्चे और सात महिलाएं शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक शादी के घरदेखी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मठ पहाड़ से धर्मजयगढ़ की तरफ जा रहे थे। तभी रास्ते में लुड़ेग के पास पिकअप वाहन अचानक असंतुलित हो गया और पलट गया। हादसे के समय वाहन में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पिकअप पलटने के बाद कई लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन की मदद से फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला।
एक युवती करीब एक घंटे तक पिकअप के नीचे दबी रही। जेसीबी से पिकअप को हटाकर उसे बाहर निकाला गया। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत पत्थलगांव के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पिकअप वाहन की रफ्तार तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे यह हादसा हुआ।
