

पत्थलगांव।भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के प्रथम पत्थलगांव आगमन पर युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। इस अवसर पर नगर में युवाओं द्वारा जोश और उत्साह से भरी बाइक रैली निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र में ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।बाइक रैली के पहले विजय आदित्य सिंह जूदेव ने तमता एवं लुड़ेग का भी दौरा कर स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।अपने संबोधन में जूदेव ने कहा कि “आने वाले समय में पत्थलगांव विधानसभा में लगातार जीत दर्ज करनी है। हमें फ्रंट फुट पर लड़ना है, ठीक उसी तरह जैसे पिछले विधानसभा चुनाव में युवाओं ने पूरी ताकत के साथ संघर्ष किया था।” उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे युवा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करें।धर्म और राजनीति के विषय पर बोलते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि “धर्म और राजनीति दो अलग-अलग विषय हैं। धर्म सेवा और संस्कार का भाव है, जबकि राजनीति में राजस्व, प्रशासन और विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुख होते हैं।” वहीं धर्मांतरण को लेकर उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि “जहां-जहां देश या राज्य में धर्मांतरण की घटनाएं हुई हैं, वहां क्षेत्र कमजोर होते दिखे हैं। भारत जंबूद्वीप है और इसकी एकता-अखंडता सर्वोपरि है।”इस अवसर पर जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सिंह, सुनील अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हेमंत बंजारा, रूप सिंह राठिया, कुंदन शर्मा, हिमांशु शर्मा, अरुण यादव, सौरभ शर्मा, सुनील गर्ग, करेश तिग्गा, सुदर्शन सिंह, रामकिशन यादव, महेश गुप्ता, कमलेश यादव, बंटी जटिया, नवीन यादव, भुवनेश्वरी यादव, सलमी निकुंज, सुचिता एक्का, उर्मिला पटेल, जीतू अग्रवाल, हेमंत पटेल, भागीरथी राठिया, दिनेश यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान युवाओं में उत्साह देखने लायक था और पूरे आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि पत्थलगांव विधानसभा में भाजयुमो पूरी मजबूती और रणनीति के साथ आगामी चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार है।

