“कुनकुरी की कुर्सी: जनादेश से अध्यक्ष, किस्मत से उपाध्यक्ष!”

जशपुर, 18 मार्च 2025 – राजनीति में किस्मत का बड़ा खेल होता है, लेकिन कुनकुरी नगर पंचायत चुनाव में तो ये खुलकर सामने आ गया!कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हैं, लेकिन नगर पंचायत चुनाव में जनता ने कांग्रेस के विनयशील गुप्ता को अध्यक्ष पद के लिए चुनकर भाजपा को झटका दे दिया। कुल 15 वार्डों में से 8 भाजपा और 7 कांग्रेस के पार्षद जीते।
जब उपाध्यक्ष का फैसला निकला “लकी ड्रॉ” से!
अब मजेदार ट्विस्ट उपाध्यक्ष पद के लिए आया! भाजपा और कांग्रेस दोनों को बराबर 8-8 वोट थे। जब वोटिंग से कोई नतीजा नहीं निकला, तो लोकतंत्र ने भाग्य का सहारा लिया—पर्ची निकाली गई!और किस्मत ने मुस्कुराया कांग्रेस के दीपक केरकेट्टा पर। लकी ड्रॉ से वे उपाध्यक्ष बन गए, जिससे कुनकुरी में कांग्रेस की डबल धमाकेदार जीत हो गई—जनता के फैसले से अध्यक्ष, और किस्मत के फैसले से उपाध्यक्ष!
“कांटे बिछेंगे पूरे 5 साल!”
कांग्रेस की इस जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुटकी लेते हुए कहा कि “भाजपा सरकार के लिए कुनकुरी की यह जीत पूरे पांच साल कांटे जैसी चुभने वाली है!” अब देखना यह होगा कि जनादेश और भाग्य से बनी इस नई टीम का कुनकुरी में विकास कैसा होता है, या फिर यह राजनीति का कोई और दिलचस्प मोड़ लाता है!