
जशपुर, 17 जून 2026। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अम्बिकापुर की टीम ने जशपुर जिले के मनोरा जनपद पंचायत में पदस्थ प्रभारी एसडीओ आरईएस एवं उप अभियंता संजय कुमार दिवाकर को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कपरोल (हड़िकोना) निवासी एवं पूर्व उप सरपंच रीतु राम यादव ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022-23 में रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत कराए गए गेबियन संरचना निर्माण कार्य के बिल भुगतान हेतु मूल्यांकन कराने के लिए प्रभारी एसडीओ संजय कुमार दिवाकर द्वारा पहले 70 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी

।शिकायतकर्ता के अनुसार रकम नहीं देने पर करीब छह माह तक निर्माण कार्यों का मूल्यांकन नहीं किया गया। बाद में दोबारा संपर्क करने पर अधिकारी ने 50 हजार रुपये की मांग की, जिसके बाद भुगतान करने पर इंजीनियरों को भेजकर निर्माण कार्य का मूल्यांकन कराया गया।इसके बाद मूल्यांकन रिपोर्ट के सत्यापन और बिल भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए पुनः 30 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाने के उद्देश्य से उसने ACB से संपर्क किया।ACB द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। सत्यापन के दौरान मोलभाव के बाद आरोपी 25 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। इसके बाद 17 जून को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध ट्रैप कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते समय आरोपी संजय कुमार दिवाकर को रंगे हाथों पकड़ लिया।ACB ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
