
कांसाबेल। अंत्योदय के प्रणेता, राष्ट्रनायक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आज श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने पं. उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में देवतुल्य कार्यकर्ता बंधुओं की गरिमामय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सालिक साय ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने अंत्योदय का आदर्श स्थापित कर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाने का मार्ग दिखाया। उनका विचारधारा और चिंतन आज भी भारतीय समाज को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने का प्रेरणा स्रोत है।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय जी का सपना था कि हर गरीब, वंचित और शोषित वर्ग को समान अवसर और सम्मान मिले।

इसी सोच के कारण अंत्योदय आंदोलन पूरे देश में जनमानस की प्रेरणा बना।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हमें दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन मूल्यों को आत्मसात कर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करना चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए और पं. उपाध्याय जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
